पछवादून के चार ब्लॉक सहसपुर, विकासनगर, कालसी और चकराता में नाम वापसी के बाद ब्लॉक प्रमुख के चुनाव पर स्थिति पूरी तरह से साफ हो गई है। विकासनगर ब्लॉक में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जसविंदर सिंह बिट्टू को निर्विरोध रूप से ब्लॉक प्रमुख चुन लिया गया। इस पद पद कांग्रेस की ओर से बदामावाला की हिना प्रवीन ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। वहीं कनिष्ठ प्रमुख के पद पर रेनू खान को निर्विरोध चुन लिया गया। इस पद पर कांग्रेस की रूबी ने अपना नामांकन पत्र वापस लिया। वहीं ज्येष्ठ प्रमुख के पद पर कांग्रेस की ओर से नितिन वर्मा ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया। ऐसे में इस पद पर अब भाजपा के रमेश सैनी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में प्रवीण बंसल के बीच मुकाबला होगा। वहीं चकराता में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव पर किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। ऐसे में इस पद पद कांग्रेस की निशा राणा और भाजपा की शिवानी मल्ल के बीच मुकाबला होगा। इससे पहले यहां पर ज्येष्ठ और कनिष्ठ प्रमुख का निर्विरोध चयन किया गया। वहीं कालसी ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव पर कांग्रेस की किरन चौहान ने अपना नाम वापस ले लिया। ऐसे में यहां इस पद पर भाजपा के मठोर सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में गमरोली के सरदार सिंह राणा बचे हैं जबकि, ज्येष्ठ प्रमुख पद पर भीम सिंह (भाजपा) और भवान सिंह(कांग्रेस) और कनिष्ठ प्रमुख की सीट पर हरिपुर की किरन(कांग्रेस) और व्यास नहरी के रितेश(भाजपा) के बीच मुकाबला होगा।
उधर, सहसपुर ब्लॉक में ज्येष्ठ और कनिष्ठ प्रमुख के पद पद दो-दो प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस ले लिए। ऐसे में यहां पर भी ज्येष्ठ और कनिष्ठ प्रमुख के पद पर मुकाबला होगा। यहां कनिष्ठ प्रमुख के पद पर अर्चना मौर्य और कुसुम पंवार ने अपनी दावेदारी वापस ले ली। ऐसे में इस पद पर अब मंजू नेगी और रचना खंडूड़ी के बीच मुकाबला होगा। वहीं ज्येष्ठ प्रमुख के चुनाव में समीर और अनिता देवी ने अपने नाम वापस लिए। ऐसे में यहां पर अब मैदान में गुलशन और राजीव पंवार बचे हैं। इन दोनों के बीच छह नवंबर को चुनाव होगा।
समर्थकों ने आतिशबाजी कर मनाया जश्न
विकासनगर। ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में निर्विरोध रूप सेजीत दर्ज करने के बाद भाजपा समर्थकों के उत्साह का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने पहले ब्लॉक कार्यालय और बाद में विधायक मुन्ना सिंह चौहान के निवास पर आतिशबाजी और ढोल की थाप पर जीत का जश्न मनाया। डीजे की धुनों पर समर्थक जमकर थिरके। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकासनगर से हरबर्टपुर तक जुलूस निकाल क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त किया। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने नव निर्वाचित ब्लॉक प्रमुख को जीत की बधाइयां दी। इस मौके पर समाज सेवी मुकेश शर्मा, पंकज शर्मा, रमेश नेगी, रिंकेश शर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष अमरजीत सिंह, जीवनगढ़ प्रधान सुहैल पाशा, संदीप बर्तवाल नीजर ठाकुर, जितेंद्र कुमार, दलीप चौधरी, धनदेश उनियाल, नरेंद्र तोमर, मोहित जैन, प्रशांत जैन, नरेश रावत, विनित रोहिला, नीरज रोहिला, नीरज थापा, राजेंद्र पटेल, मेघश्याम शर्मा, रोहित रोहिला आदि मौजूद रहे।
डेढ़ महीने में बदला-बदला नजर आएगा विकासनगर
निर्विरोध रूप से जीत के बाद ब्लॉक प्रमुख जसविंदर सिंह बिट्टू ने अमर उजाला से वार्ता में कहा कि वह क्षेत्रीय जनता से वायदा करते हैं कि अगले डेढ़ माह में विकासनगर ब्लॉक की सड़कों में खासा बदलाव देखने को मिलेगा। प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत अभियान के सपने को पूरा करते हुए सभी गांव की सड़कों से कूड़े का व्यापक स्तर पर निपटारा किया जाएगा। इसके साथ ही वृद्धा, विकलांग और विधवा पेंशन धारकों के लिए व्यापक स्तर पर शिविर का आयोजन किया जाएगा। कहा वह बोलने में कम, काम ज्यादा करने में विश्वास रखते हैं।