बुधवार को जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर हिमपात हुआ। मौसम विभाग की 12 और 13 दिसंबर को सीमांत जिले की ऊंची चोटियों पर भारी हिमपात, निचले इलाकों में ओलावृष्टि और तेज बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। अधिकारियों को अपने-अपने कार्यस्थल पर बने रहने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को क्षेत्र में आसमान बादलों से ढका रहा और ठंडी हवाएं चलती रहीं।
मुनस्यारी और धारचूला की ऊंची चोटियों, दारमा और व्यास घाटी क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ है। सड़कों में पाला गिरने से वाहनों के भी फिसलने का खतरा बना हुआ है। शीत लहर को देखते हुए बृहस्पतिवार को प्रदेश के मुख्य सचिव वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जिलों की समीक्षा करेंगे।
केदारनाथ धाम में बुधवार को शाम चार बजे के बाद से हल्की बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया। यहां तापमान माइनस 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तड़के धाम में घने बादल छाए थे, इस दौरान बर्फबारी की संभावना भी बनी, लेकिन 7.30 बजे से मौसम में सुधार होते ही केदारपुरी में हल्की धूप खिली रही। तीन बजे के बाद तक यहां मौसम ठीक रहा।
आदिगुरु शंकराचार्य के समाधि स्थल के पुनर्निर्माण समेत अन्य कार्य तेजी से होते रहे, लेकिन चार बजे से मौसम से करवट बदली और हल्की बर्फबारी शुरू हो गई। वुड स्टोन के टीम प्रभारी मनोज सेमवाल ने बताया कि बीते चार दिनों तक धाम में मौसम सुहावना था, जिससे यहां कार्य तेजी से हो रहे थे। लेकिन आज, मौसम के खराब होने से ठंड बढ़ गई है। धाम में अधिकतम तापमान 10 डिग्री व न्यूनतम माइनस 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात को यहा पारा माइनस 10 तक गिर रहा है, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ब्यूरो