युवा पीढ़ी में सहनशक्ति क्षीण होती जा रही है। वे छोटी-छोटी बातों को दिल पर ले रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है। परिजनों ने एक युवती को रात में सहेली की बर्थडे पार्टी में जाने से रोका तो उसने जहर खाकर मौत को गले लगा लिया।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, परिजन युवती के आत्मघाती कदम से सकते में हैं।
मीना (20) पुत्री बहुसिंधु निवासी गंगानगर ने शुक्रवार देर शाम परिजनों से एक सहेली की बर्थडे पार्टी में जाने की बात कही। परिजनों ने उसे रात में घर से बाहर नहीं निकलने की नसीहत दी।
जिद करने पर परिजनों से उसे फटकार लगा दी। बताया जा रहा है फटकार से क्षुब्ध युवती ने जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर रात को उसे मायाकुंड स्थित निर्मल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उपनिरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल ने बताया कि शनिवार अपराह्न उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। युवती ऑटोनामस पीजी कालेज में बीए की छात्रा थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाया
एक महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त का सेवन कर लिया। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार देर रात विनिता पत्नी ज्ञानी निवासी हरिपुरकलां, रायवाला ने संदिग्ध हालात में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अचेतावस्था में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।