कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में बर्ड फ्लू का कहर जारी है। बृहस्पतिवार को क्षेेत्र में पांच और पक्षियों की मौत हो गई। वन विभाग ने तीन मृत पक्षियों को जांच के लिए भोपाल भेज दिया है। गत तीन दिनों में अभी तक 20 पक्षियों के मरने के कारण प्रशासन अलर्ट है।
कोटद्वार रेंज अधिकारी शीतल वैद्य ने बताया कि कोटद्वार के नजीबाबाद रोड डिफेंस कालोनी में एक कबूतर, हैप्पी होम स्कूल जौनपुर में एक कबूतर, कंडारी कालोनी नजीबाबाद रोड पर एक कौवा, लालपुर में एक ब्राउन हेडेड बारबोट पक्षी और पदमपुर सुखरो में एक कबूतर मृत मिला। इसमें से तीन मृत पक्षियों के सैंपल हाई सिक्योरिटी एनीमल डिजीज डिजिटल लैब भोपाल भेज दिया गया है।
मृत कौवों को लेकर चमोली पहुंची वन विभाग की टीम
गोपेश्वर के ईराणी गांव में बुधवार को मृत मिले सात कौवों को वन विभाग की टीम चमोली ले आई है। यहां पशु चिकित्सालय की टीम उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल भेजेगी। बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ आशुतोष सिंह ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्र होने के चलते बुधवार को टीम नहीं जा पाई थी। बृहस्पतिवार को टीम ने गांव पहुंचकर मृत कौवों को कब्जे में ले लिया और देर शाम तक टीम चमोली पहुंच गई। पशु चिकित्सकों की टीम जल्द सैंपल जांच के लिए भेजेगी।
श्रीनगर में एचएनबी गढ़वाल विवि के कुलपति सचिवालय के पीछे एक मृत कबूतर मिला, जिसको विवि के सुरक्षा कर्मियों ने जमीन में दफना दिया। वहीं, पशु चिकित्साधिकारी डा. रजनीश पांडेय ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
हरिद्वार में मिले सात कौवे मरे हुए
बर्ड फ्लू को लेकर जारी किए अलर्ट के बीच बृहस्पतिवार को सात कौवे मरने की सूचना जिलेभर से वन विभाग को मिली। सूचना पर वन विभाग की टीम ने मृतक कौवों को अपने कब्जे में लिया और सैंपल लेकर जांच के लिए भोपाल प्रयोगशाला भेज दिया।
सरकार की ओर से बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इसके चलते वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी पक्षियों की संघन निगरानी कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को पांच कौवे भगवानपुर क्षेत्र में मृत मिले। दो कौवे कनखल क्षेत्र के जगजीतपुर में मिले।
डीएफओ नीरज शर्मा ने बताया कि सातों कौवे के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम को सतर्कता के साथ जलाशय में रहने वाले पक्षियों के साथ ही सामान्य पक्षियों पर भी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।