हिमाचल में बर्ड फ्लू का मामला सामने आने पर उत्तराखंड में भी मुख्य वन्यजीव प्रातिपालक ने सोमवार को अलर्ट जारी कर दिया था। मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक जेएस सुहाग ने केंद्रीय गाइडलाइन का हवाला देते हुए सभी जलाशयों, आद्र भूमि आदि पर विशेष निगाह रखने को कहा है। यही वे स्थान हैं जहां प्रवासी पक्षी अधिक संख्या में पहुंचते हैं।
आसन बैराज, झिलमिल, नानक सागर, तुमड़िया, बैगुल आदि में लगातार निगरानी के लिए कहा गया है। ये वे क्षेत्र हैं जहां बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी हर साल पहुंचते हैं। कहा गया है कि अगर एक भी पक्षी मरा हुआ पाया जाता है तो सैंपल लिया जाए और आधे घंटे के अंदर-अंदर वन्यजीव प्रतिपालक को सूचित किया जाए।
वहीं, प्रवासी पक्षियों के आने के कारण कॉर्बेट नेशनल पार्क में भी बर्ड फ्लू फैलने का खतरा है। इस पर वन विभाग ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। विभागीय कर्मी सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पक्षियों की निगरानी कर रहे हैं।