एम्स ऋषिकेश परिसर में 27 कौओं के मरे हुए मिलने के बाद हड़कंप मचा गया। सूचना के बाद पहुंची वन विभाग और पशुपालन विभाग की टीम ने कौओ के शव का सैंपल लिया। एक सैंपल को आईवीआरआई बरेली भेजा गया है। बाकी कौओं को दफना दिया गया।
एम्स के ए ब्लॉक के पीछे सुरक्षा गार्डों ने आसपास देखा तो एक के बाद एक 27 कौए मौके पर मरे हुए मिले। थोड़ी दूरी पर दो कबूतर भी मृत मिले। एम्स के जनसपंर्क अधिकारी हरीश थपलियाल ने बताया कि संस्थान परिसर में संदिग्ध अवस्था में 27 कौवे मृत मिलने की जानकारी वन विभाग को दी गई है।
वन विभाग और पशु चिकित्सकों ने मृत कौओं की वीडियोग्राफी कर उनके सैंपल लिए। वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिहं रावत ने बताया कि जो कौए मृत मिले हैं। उनमें एक सैंपल भारतीय पशु चिकित्सा एवं अनुसंधान संस्थान बरेली भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि वीरभद्र के बीट अधिकारी को बैराज और आसपास के क्षेत्रों में नजर रखने के लिए कहा गया है। यदि कहीं पर कौए और कबूतर मरे हुए मिलते हैं तो लोग उनके मोबाइल पर जानकारी दे सकते हैं। वहीं बीस बीघा क्षेत्र में एक कौआ और कबूतर मृत मिला।
डोईवाला में सुसवा नदी के किनारे में आठ कौवे मरे हुए मिले
बुल्लावाला और कुड़कावाला के बीच आठ कौए मरे हुए मिलने की सूचना के बाद वन विभाग और पशुपालन विभाग में हड़कंप मच गया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सूचना पर मौके पर पहुंचे पशु चिकित्साधिकारी डॉ. बीपी तोमर ने कौओं की जांच की। सैंपल भरने के बाद कौओं को दफना दिया गया । उन्होंने बताया कि बर्ड फ्लू की आशंका के मद्देनजर कौओं को दफनाया गया है।