फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चारधाम: रास्तों में बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन, एंबुलेंस सेवा

Fri, 09 May 2014 10:37 PM IST
अमर उजाला, ऋषिकेश
विज्ञापन
विज्ञापन
चारयात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालु यदि तीर्थनगरी के संयुक्त यात्रा बस टर्मिनल कंपाउंड में खुले बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन काउंटर पर पंजीकरण नहीं करा पाए, तो कोई बात नहीं। अब उन्हें यात्रा मार्गों पर भी रजिस्ट्रेशन कराने की सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन


इसके लिए पर्यटन विभाग ने चारधाम मार्ग के मुख्य चार पड़ावों पर बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल वैन की व्यवस्था की है।

शुक्रवार को तीन नई बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन मोबाइल वैन तीर्थनगरी पहुंची। कंप्यूटरीकृत रजिस्ट्रेशन सिस्टम का जिम्मा संभाल रहे त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम इंडिया प्रा. लिमिटेड के सुपरवाइजर मुरली ने बताया कि बायोमेट्रिक पंजीकरण मोबाइल वैन की तैनाती भद्रकाली, चिन्यालीसौड़ और जानकीचट्टी में की जाएगी।

यात्रा पड़ावों पर रहेगी एंबुलेंस

चार धाम यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने के लिए इस बार गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के विभिन्न यात्रा पड़ावों पर 108 एंबुलेंस तैनात रहेगी।

108 सेवा के जिला प्रभारी ललित मोहन जोशी ने बताया कि यात्रा के लिए चार अतिरिक्त एंबुलेंस मिल गई है, जो गंगोत्री धाम के हर्षिल तथा यमुनोत्री के रानाचट्टी, डामटा और ब्रह्मखाल में रखी जाएगी।

रेलवे स्टेशन पर भी होगा रजिस्ट्रेशन
चारधाम यात्रा के प्रवेशद्वार तीर्थनगरी के रेलवे स्टेशन पर भी बायोमेट्रिक पंजीकरण काउंटर खोला जाएगा। फिलहाल रेल से तीर्थयात्री नहीं आ रहे हैं।

बदरीधाम पहुंच श्रीश्री रविशंकर ने टेका माथा

शुक्रवार को आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर ने भगवान बदरीनाथ के दर्शन किए। उन्होंने तीर्थयात्रियों से कहा कि अब चारधाम यात्रा करने में किसी भी तरह की दिक्कत नहीं है।

देवभूमि में आने के लिए शरीर को कष्ट मिले तो समझो पापों से मुक्ति मिल रही है। शुक्रवार सुबह दस बजे हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ पहुंचे श्री श्री रविशंकर ने सबसे पहले तप्तकुंड में आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद वे बदरीनाथ के गर्भगृह गए। जहां 15 मिनट तक उन्होंने पूजा-अर्चना की।

श्रीश्री ने की विशेष पूजा
मंदिर समिति के धर्माधिकारी और वेदपाठियों ने श्रीश्री को विशेष पूजा कराई। दर्शनों के बाद मंदिर प्रांगण में तीर्थयात्रियों और अपने अनुयायियों को प्रवचन दिए। उन्होंने कहा यदि कहीं ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त होती है तो यात्री सफर करना नहीं छोड़ते।
विज्ञापन

गंगोत्री-यमुनोत्री पहुंचे 540 तीर्थयात्री

गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा धीरे-धीरे गति पकड़ रही है। शुक्रवार को 540 देशी-विदेशी तीर्थ यात्रियों ने दोनों धाम पहुंचकर मां गंगा और यमुना के दर्शन किए।

दो मई को शुरू हुई गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक दोनों धामों में 5000 से अधिक यात्री दर्शन कर चुके हैं। बदहाल सड़क और दोनों धामों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के बावजूद महाराष्ट, गुजरात, मध्यप्रदेश, यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान सहित अन्य प्रांतों से यहां यात्री पहुंच रहे हैं।

शुक्रवार को भी गंगोत्री धाम में 441 तथा यमुनोत्री धाम में 199 तीर्थ यात्री दर्शन के लिए पहुंचे। लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ने से यात्रा व्यवसायियों के साथ ही तीर्थ पुरोहित भी खासे उत्साहित हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें