सहसपुर थाना क्षेत्र में देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जस्सोवाला पुल के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक पर एक महिला भी सवार थी। वह गंभीर रूप से घायल है।
पुलिस को दी तहरीर में देहरादून के कारबड़ी झीवारेडी गांव निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि रविवार को उनका भतीजा मनदीप (28) बाइक से अपने मामा के यहां हरबर्टपुर जा रहा था। जस्सोवाला पुल के पास शाम पांच बजे तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। एक राहगीर ने उसे धूलकोट स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। भतीजे के साथ एक महिला ऋतु खत्री भी बाइक पर सवार थी। वह अस्पताल में भर्ती है। थाना प्रभारी शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।