सहसपुर थाना क्षेत्र के लखनवाला के पास एक तेज रफ्तार यूटिलिटी ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। यूटिलिटी चालक दुर्घटना के बाद वाहन मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने मृतक का पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए उप जिला अस्पताल विकासनगर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार शाम को हरबर्टपुर रोड पर लखनवाला के पास एक यूटिलिटी चालक के बाइक सवार काे टक्कर मारने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बाइक सवार की मौत हो चुकी थी। थाना प्रभारी मुकेश त्यागी ने बताया कि बाइक सवार की पहचान सहसपुर थाना क्षेत्र के जंगलात चौकी निवासी वसीम (25) पुत्र हाशिम के रूप में हुई है। बताया कि यूटिलिटी हरबर्टपुर से सहसपुर जा रही थी। बाइक सवार सहसपुर से हरबर्टपुर की ओर आ रहा था। इस दौरान दोनों की टक्कर हो गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने यूटिलिटी को अपने कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश की जा रही है। मृतक का पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्ट मार्टम के लिए उप जिला अस्पताल भेज दिया गया है। बताया कि पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।