सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित रतन का पूर्वा निकट डबल फाटक निवासी आकाश कुमार स्कूटी लेकर बाजार जा रहे थे। इस बीच ढंडेरा में गोलभट्टा निवासी शिवा से उनकी स्कूटी की टक्कर हो गई। इसे लेकर दोनों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि शाम को शिवा अपने साथियों के साथ लाठी, डंडे, तलवार और तमंचा लेकर आकाश के घर जा पहुंचा। इसके बाद बंद दरवाजे को तोड़ना शुरू कर दिया। दरवाजा न खुलने पर घर के बाहर खड़ी कार और स्कूटी में तोड़फोड़ कर दी। कुछ देर बाद दरवाजा खोलकर बाहर आए परिवार के लोगों के साथ आरोपियों ने मारपीट कर दी। इस बीच आकाश और उसके भाई तरुण पर आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
इतना ही नहीं एक आरोपी ने दोनों पर तमंचे से फायर कर दिया। गनीमत रही कि दोनों भाइयों को गोली नहीं लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों की भीड़ देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित तरुण की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई।
कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर शिवा, राहुल, तोला, टिंकू, पोपो, ज्योति और शिवानी निवासी गोलभट्टा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घर पर दबिश देकर पोपो और शिवानी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि फरार चल रहे आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि गोलभट्टा स्थित घर में घुसकर हमला और फायरिंग करने वाले आरोपियों ने अपना बिच्छू गैंग बनाया हुआ है। बिच्छू गैंग के नाम से आरोपी क्षेत्र के लोगों में भय पैदा करते हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपी गैंग के नाम से दशहत फैलाने का काम कर रहे थे। पहले भी इन लोगों की ओर सेा गैंग के नाम से मारपीट करने के मामले सामने आ चुके हैं। आरोपियों पर शिकंजा कसने के लिए कार्रवाई की जा रही है। जल्द फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।