हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा बदरीनाथ धाम पहुंचे। जहां उन्होंने पूजा-अर्चना में भाग लिया।
मंगलवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा दोपहर बाद करीब 4 बजे धाम पहुंचे और भगवान बदरी की पूजा की। इसके साथ ही उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने भी शाम पांच बजे भगवान बदरीनाथ के पवित्र दर्शन किए।
सतोपंथ लेक की ट्रैकिंग के लिए पहला दल रवाना
वहीं बदरीनाथ धाम के दर्शन करने के बाद मंगलवार को माउंटेन ट्रैक का छह सदस्यीय दल सतोपंथ लेक की ट्रैकिंग के लिए रवाना हुआ। पहले दिन दल माणा गांव में रात्रि प्रवास के लिए पहुंचा।
सतोपंथ लेक ट्रैक 15100 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। यहां सतोपंथ झील भी है। मान्यता है कि इसी रास्ते से होते हुए पांचों पांडव स्वर्ग गए थे। सतोपंथ लेक चार दिन का ट्रैक है। माउंटेन ट्रैक के डायरेक्टर राहुल मेहता और परवीन कुमार ने बताया कि सतोपंथ लेक तक ट्रैकिंग करने पहुंच रहा साल का यह पहला दल है। इन दिनों सतोपंथ में मौसम सामान्य बना हुआ है।