मसूरी में भोटिया जनजाति ने लोसर त्योहार सादगी के साथ मनाया। भोटिया समुदाय के लोगों ने परिवार और मित्रों के साथ आटे की होली खेली और घरों में खास तरह के व्यंजन बनाए। महिलाओं ने कुलदेवी की पूजा कर खुशहाली की कामना की।
मसूरी में बड़ी संख्या मे भोटिया और तिब्बती समुदाय के लोग निवास करते हैं। रविवार को शहर के हैप्पी वैली, लंढौर, मलिंगार में लोसर त्योहार की धूम रही। इस दौरान भोटिया और तिब्बती समुदाय के लोगों में उत्साह देखने को मिला। पूर्व प्रधान राम सिंह भोटिया ने बताया कि भगवान बुद्ध के नाम से इस त्योहार को मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस त्योहार को नए साल की शुरूआत माना जाता है। इस दौरान समुदाय के लोग आपस में आटे की होली खेलते हैं। घरों में विशेष पकवान बनाए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि सभी मिलकर प्रार्थना करते हैं कि लोग सुखी और समृद्ध रहें। साथ ही हर साल खुशी से इस त्योहार को मिलकर मनाते रहे। शकुन भोटिया ने बताया कि इस दिन महिलाएं कुलदेवी की पूजा कर सभी की खुशहाली की कामना करती हैं।