भरसार कृषि विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रही 23 वर्षीय छात्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। एम्स ऋषिकेश ले जाते समय रास्ते में छात्रा ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद विवि परिसर में छात्रों का आक्रोश फूट पड़ा।
वीर चंद्र सिंह गढ़वाली कृषि एवं औद्यानिकी विवि भरसार में बीएससी चौथे वर्ष की हॉर्टिकल्चर छात्रा मधु यादव (23) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पंतनगर निवासी मधु बीते तीन-चार दिनों से बीमार थीं और उनका विवि की डिस्पेंसरी में उपचार चल रहा था। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले पाबौ और फिर जिला अस्पताल से श्रीनगर रेफर किया गया। श्रीनगर से छात्रा को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया था।
बीते रविवार शाम करीब छह बजे ऋषिकेश ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। सोमवार को छात्रा की मौत की सूचना के बाद छात्रों ने विवि परिसर में प्रदर्शन किया।