देहरादून जिला फुटबाल लीग का काउंडाउन अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। बारिश के बाद लीग आयोजन कमेटी ने मैदान को तैयार कर लिया है। इसके बाद अब रविवार से तपोवन स्थित युवा कल्याण के मैदान में जिला फुटबॉल लीग शुरू होने की उम्मीद जग गई है।
आयोजन कमेटी की मानें तो शुक्रवार के दिन कार्यक्रम तैयार लिया जाएगा। कभी मैदान तो कभी बारिश के कारण लगातार टलती जा रही जिला फुटबाल लीग अब रविवार से शुरू होने की संभावना है।
युवा कल्याण के मैदान का चयन
आयोजन कमेटी ने लीग के लिए युवा कल्याण के मैदान का चयन किया है। आयोजन कमेटी के मीडिया प्रभारी मदन नेगी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण मैदान में उगी घास काटने में परेशानी हो रही थी।
वहीं पानी भरने से ट्रैक्टर भी मैदान में नहीं जा पाया, इस कारण मैदान साफ करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मैदान में मार्किंग का काम पूरा कर लिया जाएगा।
सुंदरवाला ब्वॉयज और नेहरुग्राम के बीच पहला मैच
साथ ही टूर्नामेंट का कार्यक्रम भी तैयार किया जाएगा। अगस्त के पहले हफ्ते में बने कार्यक्रम के अनुसार सुंदरवाला ब्वॉयज और नेहरुग्राम के बीच पहला मैच खेला जाना था। शायद रविवार को भी यही कार्यक्रम रहेगा, लेकिन इस पर शुक्रवार को स्थिति साफ हो सकेगी।