उत्तराखंड में गढ़वाल मंडल विकास निगम तीर्थनगरी ऋषिकेश में शराब की सरकारी दुकान खोलने की तैयारी कर रहा है।
जीएमवीएन के क्षेत्रीय प्रबंधक (पर्यटन) बीएल राणा ने प्रशासन को पत्र भेजकर हरिद्वार बाईपास स्थित भरत भूमि पर्यटक आवास गृह में बीयर-शराब बार संचालन की अनुमति मांगी है। मामले में एसडीएम ऋषिकेश जल्द सर्वे करवाकर आख्या जिलाधिकारी दून को पेश करेंगे।
तीर्थनगरी ऋषिकेश मद्य निषेध क्षेत्र है। यहां मांस और मदिरा की बिक्री प्रतिबंधित है। हालांकि, शहर से सटे ग्रामीण क्षेत्र में मांस की बिक्री पर प्रतिबंध नहीं है। इसी का हवाला देकर जीएमवीएन ने 23 अक्तूबर 2013 को डीएम दून को प्रस्ताव भेजा था।
जीएमवीएन ने हरिद्वार बाईपास स्थित अपने भरत भूमि पर्यटक आवास गृह में बीयर बार संचालन का लाइसेंस जारी करने का आग्रह किया था। लेकिन डीएम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई, लिहाजा मामला ठंडे बस्ते में चला गया था।