पुरानी कालसी स्थित पल्लवी गैस एजेंसी का लाइसेंस निलंबित किए जाने के बाद से क्षेत्र के नौ हजार उपभोक्ताओं को कार्रवाई का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। वैकल्पिक तौर पर आपूर्ति कर रहीं दो गैस एजेंसी उपभोक्ताओं को नियमित और समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रही हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है सिलेंडर की डिलिवरी के लिए अलग से 20 से 25 रुपये की वसूली भी की जा रही है।कालसी स्थित पल्लवी गैस एजेंसी का अनियमितताओं के आरोप के चलते चार मार्च को लाइसेंस निलंबित कर दिया गया था। जिसके कारण कालसी, हरिपुर, बाढ़वाला, साहिया व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के नौ हजार उपभोक्ताओं के लिए संकट पैदा हो गया था। हालांकि, उपभोक्ताओं को विकासनगर व डाकपत्थर एजेंसियों से एलपीजी सिलेंडर देने की व्यवस्था बनाई गई। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि गैस एजेंसियों का एलपीजी आपूर्ति का कोई दिन या समय निर्धारित नहीं है। जिससे सिलेंडर लेना मुश्किल हो रहा है।