उत्तराखंड के रणजी ट्राफी में खेलने का रास्ता साफ हो गया है। 2018-19 सत्र केलिए उत्तराखंड, पुडुचेरी, बिहार के साथ छह उत्तर पूर्वी राज्यों की टीमों को प्लेट ग्रुप में जगह दी गई है।
बुधवार को बीसीसीआई ने 2018-19 के लिए घरेलू सत्र का कैलेंडर जारी किया। इस सत्र में बीसीसीआई ने नौ नई टीमों को शामिल किया है। इसमें उत्तराखंड का नाम भी शामिल है। बीसीसीआई ने उत्तराखंड के साथ अरुणाचल प्रदेश, बिहार, मणीपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, पुडुचेरी, सिक्किम को प्लेट ग्रुप में रखा है।
उत्तराखंड विजय हजारे ट्राफी, रणजी ट्राफी, सैय्यद मुस्ताक अली ट्रॉफी, कोल सीके नायडू ट्राफी, विनो मनकड़ ट्राफी, कोच विहार ट्राफी, विजय मर्चेंट ट्राफी, सीनियर वूमेंस दिवसीय लीग, टी-20 लीग, अंडर 23 दिवसीय, टी-20 लीग, अंडर-19 दिवसीय, टी-20 लीग खेलेगा।
बीसीसीआई के सचिव अमिताभ चौधरी ने कुछ दिन पहले उत्तराखंड को रणजी ट्राफी में खेलने की मंजूरी नहीं दी थी, लेकिन प्रशासकों की समिति के अध्यक्ष विनोद राय ने साफ कर दिया था कि यह राज्य हर हाल में इस सत्र में रणजी ट्राफी खेलेगा।
बोर्ड ने 37 टीमों को चार ग्रुपों में बांटा है। ईलीट ग्रुए ए और बी रहेंगे। इनमें नौ-नौ टीमें रहेंगी। तीसरा ईलीट सी ग्रुप रहेगा, जिसमें 10 टीमें होंगी, जबकि प्लेट ग्रुप में उत्तराखंड, पुडुचेरी, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर टीमें रखी गई हैं।