चकराता के बलियाना गांव में बैठक करते ग्रामीण। स्रोत : जागरूक पाठक
- बनियाना गांव के ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
चकराता। तहसील क्षेत्र के बनियाना गांव में स्याणा शूरवीर सिंह चौहान की अध्यक्षता में आम बैठक आयोजित की गई। इसमें सामाजिक परंपराओं और व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से छह महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इनमें विवाह या अन्य समारोह में तीन आभूषण पहनने और अंग्रेजी शराब पर प्रतिबंध लगाने जैसे प्रमुख निर्णय शामिल रहे।
बैठक में तय किया गया कि अब किसी भी शादी विवाह या समारोह में महिलाएं केवल फूली, बूंदे या झुमके और मंगलसूत्र ही पहनेंगी। विवाह समारोह में अंग्रेजी शराब पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगाया गया। रिश्तेदार के विवाह में एक ही बकरा ले जाने, सवार-बियाई न बनाने, देवदार, चीड़ की लकड़ी की बिक्री पर रोक, रईंटूणी के केवल अपने मायके में होने वाली घटनाओं में शामिल होने के निर्णय को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि निर्णयों का उल्लंघन करने वालों पर एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सामाजिक बहिष्कार जैसे निर्णय भी लिए जाएंगे। इस अवसर पर भागीराम, मेहर सिंह, कुंदन सिंह, अतर सिंह, महावीर सिंह, हुकम सिंह, संतराम, दीवान सिंह, इंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मोहन सिंह आदि उपस्थित रहे।