सांसद साध्वी प्रज्ञा के महाराष्ट्र सरकार पर भगवा आतंकवाद के नाम पर मानसिक उत्पीड़न करने के बयान पर बाबा रामदेव ने कहा कि भगवा का संबंध कभी न आतंकवाद से था, न है और न कभी होगा। हिंदू धर्म या भगवा पर कोई भी आतंकवाद का कलंक लगाएगा तो वह मुंह की खाएगा।
बाबा रामदेव ने कहा कि इस्लाम को बदनाम करने के लिए पूरी दुनिया में कुछ कट्टरवादी संगठित हो रहे हैं। इस्लाम के बड़े लोगों को इनको रोकना होगा। इस्लाम को खतरा किसी दूसरे मजहब से नहीं बल्कि आतंकवादी सोच वालों से है।
हरियाणा के बल्लभगढ़ में निकिता की सरेआम गोली मारकर हत्या के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का गुस्सा फूट पड़ा। परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों को फांसी देने की मांग उठाई।
बृहस्पतिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने रानीपुर चौक पर आरोपियों का पुतला दहन कर उनको फांसी देने की मांग को लेकर केंद्र और हरियाणा सरकार को ज्ञापन भेजा। इस मौके पर परिषद के विभाग सह संगठन मंत्री काजल थापा ने कहा कि छात्रा निकिता तोमर की दूसरे धर्म के दो युवकों ने गोली मारकर हत्या करा दी।
घटना से देशभर में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार दोनों आरोपियों को फांसी दे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। नगर मंत्री अमन कुशवाहा, विभाग संगठन मंत्री राहुल सारस्वत, प्रदेश सह मंत्री चर्चित बालियान ने कहा कि छात्राओं को बहला फुसलाकर उनका धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाने और उनकी हत्या करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।