थाना क्षेत्र बैजनाथ के टानीखेत में सड़क किनारे भ्रूण मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेजा है। अज्ञात के खिलाफ भ्रूण हत्या का मामला पंजीकृत किया गया है।
थाना क्षेत्र बैजनाथ के घनी आबादी वाले टानीखेत में गरुड़ फल्याटी मोटर मार्ग के किनारे मिट्टी से सना भ्रूण नौघर ग्राम पंचायत के कुछ ग्रामीणों को दिखा। ग्रामीणों ने सूचना थाना बैजनाथ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनीष जोशी, एसआई राजेंद्र सिंह नेगी पुलिस कर्मियों के साथ घटना स्थल पहुंचे।
पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेजा है। मामले की विवेचना कर रहे एसआई राजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया भ्रूण हत्या का है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ भ्रूण हत्या का मामला पंजीकृत कर दिया है।
मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ के प्रभारी एसएस गुंज्याल के अनुसार भ्रूण सात माह का बताया जा रहा है। टानीखेत व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रेम सिंह नेगी, नौघर की प्रधान नीमा अल्मिया और टानीखेत के ग्रामीणों ने थाना बैजनाथ पुलिस से मामले की गहन जांच कर दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।