कपाट बंदी से पहले गर्भगृह में विराजेंगी माता लक्ष्मी
मंदिर के धर्माधिकारी स्वयंवर सेमवाल ने बताया कि सोमवार सुबह चार बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। अभिषेक पूजा के बाद दिनभर श्रद्धालु दर्शन कर कर रहे हैं। दोपहर 12 बजे भगवान को भोग लगाया गया, जबकि शाम सात बजे सांध्य पूजा शुरू होगी। रात साढ़े सात बजे रावल मंदिर में प्रवेश करेंगे। पूजा-अर्चना के बाद सखी वेश धारण कर माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान किया जाएगा। इसके बाद कुबेर, उद्धव और गरुड़ जी गर्भगृह से बाहर आएंगे। सभी देवताओं की आरती के बाद मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। अगले दिन भगवान की उत्सव डोली शीतकालीन पूजा स्थल के लिए रवाना होगी।
23 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी भी रविवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे। उन्होंने बदरीविशाल के दर्शन कर कपाट बंद करने की तैयारियों के तहत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष में अब तक सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं।
ये भी पढे़ं...हरिद्वार: 11 माह की बच्ची से दरिंदगी, बिगड़ी हालत, घर में घुसकर वारदात के बाद फरार हुआ पिता का सहकर्मी
बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन पूजा की तैयारियां शुरू
बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के बाद अब भगवान की उत्सव डोलियां शीतकालीन प्रवास के लिए निर्धारित स्थलों पर पहुंचेंगी। मंगलवार को कुबेर और उद्धव जी की डोली पांडुकेश्वर स्थित योगध्यान बदरी मंदिर में विराजमान होगी। इसके अगले दिन बुधवार को आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुंचेगी। इसके साथ ही इन दोनों स्थानों पर शीतकालीन पूजाएं भी शुरू हो जाएंगी।