दो दिनों से लामबगड़ में बंद पड़ा बदरीनाथ हाईवे मंगलवार को शाम चार बजे सुचारु हुआ। हाईवे खुलने के बाद 322 तीर्थयात्री वाहन से बदरीनाथ धाम गए तो दोपहर तक 259 तीर्थयात्री लामबगड़ में पैदल चलने के बाद फिर वाहन से बदरीनाथ धाम पहुंचे। 311 तीर्थयात्री बदरीनाथ के दर्शन कर गंतव्य को लौटे। वहीं पीपलकोटी के मायापुर में चट्टान का एक हिस्सा टूटकर हाईवे पर आ गया, लेकिन गनीमत रही की कोई हादसा नहीं हुआ।
लामबगड़ में रविवार को देर शाम मलबा आने से बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया था। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से लोनिवि (एनएच) हाईवे को सुचारु नहीं कर पा रहा था। मंगलवार को बारिश थमने के बाद मशीनों के जरिए यहां हाईवे खोल दिया गया। वहीं, पीपलकोटी के समीप मायापुर में मंगलवार सुबह आठ बजे चट्टान का एक बड़ा हिस्सा अचानक छिटककर हाईवे पर आ गया।
गनीमत यह रही कि उस समय हाईवे पर यात्रा वाहनों की आवाजाही नहीं हो रही थी। तत्काल बीआरओ की मशीनें हाईवे खोलने में जुट गईं। हाईवे बंद होने से तीर्थयात्रियों के साथ ही चीन सीमा क्षेत्र की ओर सैन्य वाहनों में जा रहे जवानों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने मीलों दूरी पैदल ही नापी। हाईवे के निचले क्षेत्र में लोगों के खेत होने के कारण बीआरओ ने ट्रकों की मदद से मलबे का निस्तारण किया जिससे हाईवे खोलने में देरी हुई। अपराह्न दो बजे हाईवे खुलने के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई।