नूडल्स खाकर काटी रात
पीपलकोटी कस्बे में बृहस्पतिवार रात को दो बरात फंसने से लोग परेशान रहे। यहां दोनों बरात में करीब 100 बराती थे। जो बरात देहरादून गई थी उनके रिश्तेदार पीपलकोटी में रहते हैं जिससे उनकी रहने व खाने की व्यवस्था रिश्तेदारों ने कर दी। मगर दूसरी बरात में करीब 70 बराती थे जिनमें कुछ के रहने की व्यवस्था काली कमली धर्मशाला में की गई जबकि कुछ को लॉज में ठहराया गया। इन जगहों पर यात्रियों के वाहन भी रुके हुए थे जिससे होटलों में खाना खत्म हो गया। कई बरातियों ने नूडल्स (मैगी, चाऊमीन) खाकर रात काटी।
हाईवे सुधारीकरण का कार्य शुरू
बदरीनाथ हाईवे पर अणीमठ में भू-धंसाव से हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्से में यातायात संचालन में हो रही परेशानियों का जिला प्रशासन ने संज्ञान लिया। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) के अधिकारियों को मशीनों और मजदूरों की संख्या बढ़ाते हुए शीघ्र हाईवे सुधारीकरण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि बीआरओ ने यहां एक्सकेवेटर की तैनाती कर क्षतिग्रस्त हिस्से का सुधारीकरण कार्य शुरू कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त हिस्से में मिट्टी और पत्थरों का भरान कर इसे समतल किया जा रहा है।