इस बीच बीकेटीसी की आंतरिक जांच भी पूरी हो चुकी है। समिति की जांच रिपोर्ट जल्द ही मुख्य कार्याधिकारी को सौंपी जाएगी। पुलिस उपाधीक्षक एवं विवेचना के पर्यवेक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना से पहले की रिकॉर्डिंग का भी गहन परीक्षण किया जा रहा है।
आज खत्म होगा आरोपी कर्मचारी का अवकाश
चढ़ावा हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने 5 से 12 जुलाई तक आकस्मिक अवकाश लिया था। रविवार को उसका अवकाश समाप्त हो रहा है। बीकेटीसी पहले ही उसे निलंबित कर ज्योतिर्मठ कार्यालय से संबद्ध कर चुकी है। संभावना है कि सोमवार को वह ज्योतिर्मठ कार्यालय में उपस्थित हो सकता है।
दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने भेजा रिमाइंडर
पुलिस ने दो दिन पहले बीकेटीसी से मामले से संबंधित कार्रवाई की पत्रावलियां, गणना कक्ष में मौजूद और अनुपस्थित कर्मचारियों को जारी नोटिसों की प्रतियां, उनके जवाब, निलंबन संबंधी दस्तावेज और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मांगी थी। दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं होने पर विवेचना टीम ने समिति को रिमाइंडर भेजकर जल्द रिकॉर्ड उपलब्ध कराने को कहा है।