बद्नीनाथ तीर्थयात्रा को लेकर चमोली पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। बदरीनाथ धाम में पुलिस अधिकारियों सहित 118 जवान तैनात रहेंगे। गौचर से माणा गांव तक 300 होमगार्ड और 200 पीआरडी के जवान भी यात्रा व्यवस्था में तैनात रहेंगे।
धाम के कपाटोद्घाटन के दौरान बम निरोधक दस्ता भी तैनात रहेगा। धाम को चारों ओर से कैमरे में कैद करने की योजना है। बदरीनाथ गर्भगृह से लेकर परिसर तक जगह-जगह 20 सीसीटीवी कैमरे, तीन मूविंग कैमरे और एक बैगेज स्केनर के जरिए संदिग्धों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। यात्रा के मुख्य पड़ावों पर सुरक्षा चाक-चौबंद रखने के लिए कर्णप्रयाग, चमोली और जोशीमठ नगर में भी सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं।
यात्रा मार्ग पर सीजनल पुलिस चौकियां भी शुरू कर दी गई हैं। तीर्थयात्रियों को यात्रा के दौरान कोई दिक्कत न हो इसके लिए गौचर, कर्णप्रयाग, चमोली, गोपेश्वर, पीपलकोटी, जोशीमठ, पांडुकेश्वर, गोविंदघाट, घांघरिया और बदरीनाथ धाम में पर्यटक सहायता केंद्र स्थापित होंगे। गौचर, नंदप्रयाग, पीपलकोटी, जोशीमठ और पांडुकेश्वर में बैरियर लगाए गए हैं। यात्रा मार्ग पर एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पॉस फोर्स) की छह टीमें तैनात रहेंगी।
अतिरिक्त पुलिस बल मांगा
बदरीनाथ में छह मई को राष्ट्रपति के कार्यक्रम को देखते हुए चमोली पुलिस प्रशासन ने पुलिस महानिदेशालय से अतिरिक्त सुरक्षा बल की मांग की है। पुलिस विभाग की ओर से 95 कांस्टेबल, 20 एसआई, दो इंस्पेक्टर, 20 महिला कांस्टेबल और दो कंपनी पीएसी की अतिरिक्त मांग की गई है।
बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। यात्रा पड़ावों और डेंजर जोन पर पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी। पुलिस की ओर से तीर्थयात्रियों के साथ अतिथि देवो भव: का सम्मान दिया जाएगा।
-तृप्ति भट्ट, पुलिस अधीक्षक, चमोली।