कल योग बदरी मंदिर पांडुकेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी उत्सव डोलियां
रावल, धर्माधिकारी, वेदपाठी और बदरीनाथ के हक-हकूकधारियों के साथ उद्धव व कुबेर की उत्सव डोली तथा आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी सोमवार को सुबह पांडुकेश्वर के योग बदरी मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। मंगलवार को आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी।
महिलाओं ने दी लोकगीत व नृत्य की प्रस्तुतियां
बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने से पूर्व मंदिर परिसर में महिला मंगल दल बामणी और पांडुकेश्वर की महिलाओं ने लोकगीत व नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी। महिलाओं ने मांगल गीत भी गाए। इस दौरान सेना व श्रद्धालुओं की ओर से जगह-जगह भंडारे का आयोजन भी किया गया।
बीकेटीसी अध्यक्ष ने जताया आभार
बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा भी संपन्न हो गई है। बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने सकुशल यात्रा संपन्न होने पर बदरीनाथ यात्रा से जुड़े सभी विभागों, संस्थाओं, पुलिस प्रशासन, सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ सहित मंदिर समिति के अधिकारियों व कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में इस वर्ष चारधाम यात्रा में 48 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे। यह चारधाम यात्रा में सर्वाधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का रिकॉर्ड भी है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम में इस यात्रा वर्ष सवा चौदह लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि केदारनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या साढ़े सोलह लाख रही। मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में चारों धामों के विकास का रोड मैप धरातल पर उतारा जा रहा है। बदरीनाथ मास्टर प्लान का कार्य भी प्रगति पर है।