29 अप्रैल को केदारनाथ के कपाट खुलने के बाद अगले दिन यानी 30 अप्रैल को श्रीबदरीनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खुल जाएंगे।
30 अप्रैल को तड़के 4 बजकर 30 मिनट पर धाम के कपाट खुलेंगे। दिल्ली के एक तीर्थयात्री की ओर से बदरीनाथ में फूलों की सजावट की जा रही है। धाम को 20 क्विंटल गेंदे के फूलों से सजाया जा रहा है।
बदरीनाथ तक पहुंच मार्ग इस बार तीर्थयात्रियों के लिए सुगम बन गया है। बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ भूस्खलन जोन को छोड़कर अन्य जगहों पर हाईवे पूरी तरह से सुरक्षित है। भूस्खलन क्षेत्र मैठाणा, पर्थाडीप, गुलाबकोटी, हाथी पर्वत, गोविंदघाट में हाईवे पर ऑलवेदर रोड का कार्य चल रहा है।
इन जगहों पर हाईवे का चौड़ीकरण कार्य तो पूरा हो गया है, लेकिन एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग और बुनियादी ढांचा विकास निगम) की ओर से हाईवे का समतलीकरण किया जा रहा है। भूस्खलन क्षेत्र बैनाकुली में हाईवे चौड़ीकरण और डामरीकरण का कार्य पूर्ण हो गया है। चमोली से पीपलकोटी के मध्य हाईवे पर इन दिनों डामरीकरण का कार्य चल रहा है।