प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर माउंट एवरेस्ट विजेता पद्मश्री बछेंद्री पाल तीन दिन के गंगा रक्षा और जनजागरण अभियान पर हरिद्वार से रवाना हो गईं।
मिशन क्लीन गंगा के तहत चंडी घाट से बछेंद्री पाल अपने 40 सदस्यीय दल के साथ राफ्ट पर रवाना हुईं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। यह दल राफ्टिंग करते हुए हरिद्वार से बिजनौर तक जाएगा।
बछेंद्री पाल ने रविवार को भी कई स्थानों पर जनजागरण किया। देव संस्कृति विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ संवाद करने के साथ ही उन्होंने गंगा घाटों पर अभियान भी चलाया। देसंविवि में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बछेंद्री पाल ने कहा कि युवाओं में जो उत्साह, जोश और जब्जा है, वह एक एवरेस्ट के समान है। ऐसे युवा ही समाज का नेतृत्व कर सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं के प्रति, अपने सहयोगियों के प्रति और प्रकृति के प्रति सम्मान के भाव सदैव रखने का मूल मंत्र दिया। कुलपति शरद पारधी ने कहा कि बछेंद्री पाल नारी जाति के लिए एक मिसाल है। उन्होंने संपूर्ण समाज को आगे बढ़ने के लिए उदाहरण पेश किया है। उन्होंने कहा कि यदि मन में उत्साह, उमंग हो, तो बहुत कुछ किया जा सकता है।
देसंविवि के प्रतिकुलपति डा. चिन्मय पंड्या ने कहा कि पद्मश्री बछेंद्री पाल हमारे समाज के लिए गौरव है। इसके बाद बछेंद्री पाल ने स्पर्श गंगा एवं बींग भागीरथ टीम के सदस्यों के साथ रोड़ी बेलवाला औश्र सीसीआर टावर के पास सफाई अभियान चलाया। स्पर्श गंगा अभियान के संयोजक शिखर पालीवाल ने कहा कि पर्वतारोही बछेंद्री पाल के नेतृत्व में युवाओं की टीम गंगा तटों व आसपास के लगते क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। इस दौरान वेणु त्यागी, सागर पुरोहित, जितेंद्र चौहान, गोकुल, शिवम अरोड़ा, हन्नी सैनी, विपिन सैनी, मोहित विश्नोई आदि शामिल रहे।