- दो माह से कनेक्शन न होने से नाराज था आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। दो माह से कनेक्शन न मिलने से गुस्साए एक व्यक्ति ने ऊर्जा निगम के बाबू के साथ बदसलूकी कर दी। आरोप है कि मारपीट करने वाला स्वयं को मीडियाकर्मी बता रहा था। आरोप है कि उसने बाबू को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में विकासनगर विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय के लिपिक मनोज सिंह ने बताया कि बुधवार को विक्रम सिंह नाम का व्यक्ति कार्यालय में आया। उसने स्वयं को मीडियाकर्मी बताया। आरोपी विक्रम ने लिपिक को बताया कि उसका नया विद्युत संयोजन होना है। लिपिक ने विभाग की दस्तावेजी कार्रवाई की जानकारी दी। लेकिन, व्यक्ति ने सीधे उनसे अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। गाली गलौज, हाथापाई के साथ बदसलूकी कर दी। लिपिक ने बताया कि व्यक्ति ने सरकारी दस्तावेजों को फाड़ने की कोशिश की। सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।