एक दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का वजीर और दूसरा देश दुनिया को योग कराने वाला फकीर। ऐसे शख्सियतों की मौजूदगी वाले मंच पर भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ छा रहे।
बाबा रामदेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बड़ा योगी बताते हुए कहा कि पीएम के बाद अब सीएम भी योगी बनने लगे हैं। बाबा रामदेव की बात सुनकर पीएम मोदी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ अपने कड़े फैसलों को लेकर देशभर की सुर्खियों में छाए हुए हैं। लोकप्रियता के मामले में भी मोदी के बाद योगी दूसरी हस्ती बने हुए हैं। जन कार्यक्रमों में पीएम मोदी की मौजूदगी भर से सीएम योगी का नाम आना तय है।
बुधवार को हरिद्वार में कुछ ऐसा ही हुआ। मौका था बाबा रामदेव के पतंजलि अनुसंधान केंद्र के उद्घाटन का। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के पहले आयुर्वेद अनुसंधान का उद्घाटन करने हरिद्वार पहुंचे।
मंच पर बाबा रामदेव ने अपने संबोधन में कहा कि देश के पूर्व के प्रधानमंत्रियों को अपने धर्मस्थलों पर जाने में संकोच होता था। मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो अपने धर्मस्थलों पर जाते हैं और आध्यात्मिक जीवन जीते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी दिल से फकीर हैं पर हिंदुस्तान की तकदीर हैं।
मोदी बोले, बाबा ने दिया सरप्राइज
पीएम मोदी को महा मानव बताते हुए कहा कि देश बदल रहा है और पूरा विश्व भारत का लोहा मान रहा है। प्रधानमंत्री मोदी की तारीफों का सिलसिला चला तो यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ का जिक्र भी आया।
बाबा रामदेव ने पीएम मोदी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि पहले देश को एक योगी प्रधानमंत्री मिला। अब प्रधानमंत्री मोदी मुख्यमंत्री भी योगी को बनाने लगे हैं। बाबा रामदेव की बात सुनकर मोदी मुस्कराकर मंच से आगे बढ़ गए।
बाबा रामदेव और आचार्य बालकृष्ण की ओर से राष्ट्र ऋषि का दर्जा दिए जाने पर पीएम मोदी ने उनका आभार जताया। मोदी ने कहा कि मुझे तो पता ही नहीं था, बाबा ने सरप्राइज दे दिया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के बीच मेरा लालन पालन हुआ, उनसे मैंने ये सीखा है कि सम्मान मिलने का मतलब उन्हें आपसे अपेक्षाएं हैं।
कैबिनेट मंत्री और विधायक रहे मौजूद
पतंजलि अनुसंधान केंद्र के मौके पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, हरक सिंह रावत, सांसद रमेश पोखरियाल निशंक, विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, स्वामी यतीश्वरानंद, आदेश चौहान, संजय गुप्ता, सुरेश राठौर, देशराज कर्णवाल, मेयर मनोज गर्ग, जिलाध्यक्ष डा. जयपाल सिंह, पूर्व विधायक चंद्रशेखर, संजय चोपड़ा, विकास तिवारी, नरेश शर्मा, आशु चौधरी, विनित चौहान, विपुल, शिखर पालीवाल आदि भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।