नगर निगम का सुपरवाइजर सफाई मित्र से अन्य सफाई मित्रों की हाजिरी लगवा कर फोटो भी व्हाट्सएप के जरिए मंगवा रहा था। मामला पकड़े जाने पर सुपरवाइजर को निलंबित कर दिया गया है। उधर दूसरे मामले में सफाई मित्र पर मोहल्ले के लोगों ने सफाई न करने और रुपये मांगने का आरोप लगाया है। सफाई कर्मचारी को नोटिस जारी किया गया है।
26 अप्रैल की सुबह महानगर में मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. अविनाश खन्ना निरीक्षण पर निकले थे। जब वह वार्ड 45 में पहुंचे तो वहां पर एक सुपरवाइजर मौके पर नहीं मिला। हैरत की बात यह रही कि सुपरवाइजर की जगह पर सफाई मित्र दूसरे सफाई मित्रों की ड्यूटी लगा रहा था।
जानकारी की तो यह भी बात सामने आई कि हाजिरी दिखाने के लिए कर्मचारियों की फोटो भी सुपरवाइजर घर बैठे अपने मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से मंगवा रहा था। इन फोटो को वह हाजिरी वाले मुख्य ग्रुप में डाल रहा था। नगर निगम के स्वास्थ्य अनुभाग ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार कर नगर आयुक्त को सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर सुपरवाइजर अमित को निलंबित कर कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
दूसरा मामला वार्ड 51 का है। लोगों ने मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी को शिकायत कर आरोप लगाया कि मोहल्ला स्वास्थ्य समिति का एक सफाई मित्र समय पर मोहल्ले में सफाई नहीं करता है। लोगों के साथ अभद्र व्यवहार करता है। इस मामले में सफाई मित्र को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
-
बयान...
सुपरवाइजर को निलंबित कर दिया गया है। वार्ड 51 के सफाई मित्र को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। - डाॅ. अविनाश खन्ना, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी