पुलिस चेकिंग के दौरान अनावश्यक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश दो युवकों को भारी पड़ गई। पुलिस ने चालान करने के साथ ही दोनों को हिरासत में ले लिया।
थाना बसंत विहार पुलिस क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बल्लीवाला चौक पर दो युवकों को बिना हेलमेट वाहन चलाते हुए रोका। चालान किए जाने के दौरान दोनों युवक अनावश्यक रूप से वीडियो बनाने लगे और भ्रामक टिप्पणियां करते हुए उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश करने लगे। पुलिस के समझाने के बावजूद युवक नहीं माने तो पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया। साथ ही उनके वाहन को सीज कर दिया।
हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान फिरोज खान निवासी लकड़ीपड़ाव, कोटद्वार और अशरफ अहमद निवासी चंदौसी, मुरादाबाद के रूप में हुई है।