बच्चा उठाने वाले गिरोह के क्षेत्र के सिद्धा नवदिया गांव में घुसने की सूचना पर गांव में दहशत फैल गई। ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतर आए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने एक महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। मंगलवार की रात थाना क्षेत्र के गांव सिद्धा नवदिया में बच्चा उठाने वाली महिलाओं के घुसने की सूचना मिली तो वहां दहशत फैल गई। इस पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर घरों से बाहर निकल आए। दौरान ग्रामीणों ने एक मानसिक रूप से कमजोर अधेड़ महिला को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने बच्चा चोर गिरोह का सदस्य मानते हुए महिला को पुलिस के हवाले कर दिया।
बच्चा पकड़ने वाले गिरोह के आने की सूचना से ग्राम बलखेडा, कच्ची खमरिया, नवदिया, नौगजा के साथ ही नगर में अफवाह उड़ने से दहशत का माहौल बना रहा। ग्रामीण घंटों तक गांव के खेतों में कांबिंग करते रहे। इस बीच, मानसिक रूप से पीड़ित अधेड़ महिला के थाने में होने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण थाने आ धमके। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई महिला को क्षेत्र में काफी समय से घूमते देखा गया है। पुलिस ने कुछ देर थाने में रखने के बाद उक्त महिला को छोड़ दिया गया। ब्यूरो