पटेलनगर में हुए विवाद के चलते किसी ने इंटक के प्रदेश अध्यक्ष टिंकल अरोड़ा पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। यही नहीं बीच बचाव करने आए उनके बेटे और पत्नी पर भी हमला किया गया। पुलिस के आने से पहले ही हमलावर फरार हो गए। देर रात घायलों का दून अस्पताल में इलाज चल रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंद्रापुरम निवासी टिंकल अरोड़ा बुधवार रात पटेलनगर की तरफ आए थे। तभी पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में गुलाटी स्वीट शॉप से लालपुल की तरफ करीब 100 मीटर पहले उनका कुछ लोगों से विवाद हो गया। देखते ही दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। दून अस्पताल में मौजूद टिंकल के बेटे बासू का आरोप है कि उनके पापा समीप ही स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर खड़े थे।
तभी कुछ युवक एक महिला के साथ अभद्रता और मारपीट कर रहे थे। विरोध करने पर हमलावरों ने उनसे भी मारपीट करते हुए खुंखरी से हाथ पर और शराब की बोतल से सिर पर हमला कर दिया। जिससे टिंकल लहूलुहान हो गए। जानकारी लगने पर टिंकल के बेटे बासू और पत्नी रेखा अरोड़ा भी मौके पर पहुंचे।
आरोप है कि हमलावरों द्वारा उन पर भी हमला किया गया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए। टिंकल अरोड़ा और परिवार के दूसरे सदस्यों को दून अस्पताल ले जाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से पटेलनगर क्षेत्र में चल रहे किट्टी के विवादों और लोगों से ठगी करने के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर टिंकल लगातार मुखर हैं। वहीं, पटेलनगर कोतवाली इंस्पेक्टर शशि भूषण नेगी ने बताया कि घटनास्थल पर लोगों से पूछताछ करने पर पता लगा कि कार हटाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। महिलाओं से मारपीट की बात सत्य नहीं है।