वोटर लिस्ट में आधार कार्ड नंबर जुड़वाने, वोटर बनने और नाम-पते में गड़बड़ी सही करवाने का अच्छा मौका है।
राष्ट्रीय निर्वाचक नामावली शुद्धिकरण एवं प्रमाणीकरण कार्यक्रम के तहत रविवार को प्रत्येक बूथ पर वोटर कार्ड-आधार लिंकेज शिविर का आयोजन किया जा रहा है। नोडल अधिकारी स्वीप ने बताया कि वोटर लिस्ट में आधार नंबर, मोबाइल फोन नंबर और ई-मेल आईडी जोड़ने के लिए 25 मई तक अभियान चलाया जा रहा है।
बीएलओ घर-घर जा रहे हैं। इसके साथ ही जनसामान्य की आसानी के लिए विशेष लिंकेज शिविरों का आयोजन रविवार को किया जा रहा है। लोग बीएलओ को आधार, मोबाइल फोन नंबर और ई-मेल आईडी उपलब्ध करा दें। इसके अलावा जो लोग 1 जनवरी 2015 को 18 साल की उम्र पूरी कर चुके हैं, वे वोटर लिस्ट में नाम शामिल कराने के लिए बीएलओ को फॉर्म-6 भर कर दे दें।
फॉर्म-6 बीएलओ से निशुल्क प्राप्त होगा। अगर किसी मतदाता की मृत्यु हो गई है तो उसकी सूचना बीएलओ को दें। अगर किसी का दो स्थानों की वोटर लिस्ट में नाम है तो फॉर्म-7 भरकर एक स्थान से नाम हटवा लें। एक वोटर का दो जगह नाम होना विधि मान्य नहीं है।
ऑन लाइन भी जोड़ सकते हैं नंबर
नोडल अधिकारी स्वीप ने बताया कि वोटर लिस्ट में आधार कार्ड नंबर जोड़ने के लिए ऑनलाइन सुविधा भी है। लोग www.eci.gov.in में राष्ट्रीय मतदाता पोर्टल (nvsp) में जाकर स्वयं अपना आधार कार्ड नंबर, मोबाइल फोन नंबर, ई-मेल आईडी जोड़ सकते हैं।
विभिन्न प्रारूपों पर आवेदन, त्रुटि संशोधन की भी सुविधा है। अधिक जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय की वोटर हेल्प लाइन: 0135-2624216 पर कार्य अवधि के दौरान संपर्क कर सकते हैं।