पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की अस्थि कलश यात्रा रविवार को भल्ला कालेज से शुरू होगी। कलश यात्रा जब हरकी पैड़ी की तरफ रवाना होगी तब हाईवे की रफ्तार थमना भी तय है।
भल्ला कालेज से कलश यात्रा हरकी पैड़ी पहुंचेगी। केवल कुछ ही वीवीआईपी के वाहन हरकी पैड़ी तक आएंगे। सीओ यातायात वीरेंद्र डबराल ने बताया कि इस पूरे क्षेत्र को जीरो जोन क्षेत्र घोषित कर दिया गया है।
रिक्शा, ऑटो रिक्शा, विक्रम, ई रिक्शा या चौपहिया वाहन अस्थि कलश यात्रा के दौरान नहीं चलेंगे। बताया कि स्थानीय नागरिक या यात्री अपने चौपहिया वाहन इस मार्ग पर पार्क न करें, अन्यथा कार्रवाई होना तय है। भीड़ के दबाव को देखते हुए ही दोपहिया वाहन को अनुमति दी जाएगी।
यहां से जा सकते है दून
अस्थि कलश यात्रा के हाईवे पर रहने के दौरान देहरादून-ऋषिकेश की तरफ जाने वाले हल्के वाहन पुराना एआरटीओ चौक से सप्तऋषि क्षेत्र की तरफ से होते हुए जा सकते हैं। जब हाईवे से कलश यात्रा दूधाधारी चौक के अंदर प्रवेश कर जाएंगी तब हाईवे पर व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी।