मरीजों के निशुल्क इलाज के क्लेम में गड़बड़ी करने पर राज्य आयुष्मान सोसायटी में सहोता सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल जसपुर को भी अटल आयुष्मान योजना से बाहर कर दिया है। राज्य आयुष्मान सोसायटी ने योजना से अनुबंध निरस्त कर 1.63 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई है। राज्य आयुष्मान सोसायटी की जांच में पाया गया कि सहोता हास्पिटल जसपुर के संचालक डॉ. रविशेर सहोता हैं। अस्पताल में उनकी पत्नी एक मात्र स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नवप्रीत कौर सहोता हैं।
जबकि डॉ. नवप्रीत कौर राजकीय एलडी भट्ट चिकित्सालय में भी संविदा पर पूर्णकालिक स्त्री रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं। योजना में हास्पिटल में नौ मामलों में सिजेरियन से प्रसव किए। इनमें छह मामलों में नवजात शिशुओं को नियोनेटल आईसीयू में भर्ती किया गया। इसे सोसायटी ने योजना में नियम विरुद्ध तरीके से लाभ प्राप्त करना बताया। राज्य स्वास्थ्य अभिकरण के अनुबंध के अनुसार मरीजों का इलाज व क्लेम प्रस्तुत न करने पर आयुष्मान सोसायटी ने अनुबंध निरस्त किया।