देहरादून। मियांवाला स्थित ठौर द दून हाट में रविवार को हिमालयन फूड एंड सीड फेस्टिवल के दूसरे दिन पहाड़ी व्यंजनों की विविधता देखने को मिली। नीति, स्पीति और जोंगू घाटियों से आए किसानों ने लोगों को पारंपरिक व्यंजन बनाने की विधियां सिखाईं।
इंटीग्रेटेड माउंटेन इनीशिएटिव (आईएमआई) ने इस महोत्सव का आयोजन किया। इसमें उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और सिक्किम के किसानों ने भाग लिया। हरिद्वार के किसानों और एसएमएस विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी हिमालयी खाद्य विविधता की जानकारी ली। कार्यक्रम के पहले सत्र में बिनीता शाह ने उद्घाटन दिवस की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने उच्च हिमालयी क्षेत्रों के अनाज और खाद्य वनस्पतियों की उपयोगिता बताई।
बिनीता शाह ने थाइम ब्रांड के उद्देश्य साझा किए। उन्होंने कहा कि इसके जरिये हिमालयी उत्पादों को विशिष्ट पहचान देकर उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है। श्रीअन्न के प्रति बढ़ती रुचि को पारंपरिक फसलों के लिए अच्छा संकेत बताया गया। स्वामी राम यूनिवर्सिटी की एसोसिएट प्रोफेसर स्मिता डिमरी ने कहा कि बदलती जीवनशैली के साथ पैकेटबंद और तुरंत तैयार होने वाले भोजन का चलन बढ़ा है।
वहीं दूसरे सत्र में तीनों राज्यों के किसानों ने स्थानीय सामग्रियों से व्यंजन बनाकर दिखाए। सिक्किम के प्रतिभागियों ने लाल चावल और बिच्छू घास की खिचड़ी और फाफर के आटे की खुरी बनाने की विधि बताई। नीति घाटी के किसानों ने फाफर का पहाड़ी डोसा, फाफर के लड्डू और पहाड़ी घी से सत्तू का हलवा बनाना सिखाया। साथ ही हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी के स्टॉल पर चिरुल और घुत्तु आकर्षण का केंद्र रहे।