उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में टिकटों को लेकर पार्टियों के हाईकमान भले ही अभी तक कोई फैसला न ले पाए हों, लेकिन सोशल मीडिया पर टिकटों की रोजाना नई सूची जारी हो रही है। समर्थक अपने अपने नेताओं को दावेदारों में अव्वल दिखा रहे हैं। हाल ये है कि फेसबुक और व्हाटसएप पर समर्थकों के बीच सूची को लेकर गैंगवार की स्थिति बनी हुई है।
विधानसभा चुनाव को लेकर बसपा ने सबसे पहले अपने प्रत्याशियों की घोषणा की। पिछले दिनों समाजवादी पार्टी ने भी कई सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए। सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा में दावेदारों की लंबी लाइन होने के चलते खींचातानी के हालात बने हुए हैं। हालांकि भाजपा में सीटिंग विधायकों सहित कई सीटों पर टिकट को लेकर तस्वीर साफ है, पर कांग्रेस में उलझन ज्यादा है।
एक दूसरे को पटखने देने की रणनीति के तहत दोनों ही दल ऐन वक्त पर पत्ते खोलने की तैयारी में है। लेकिन सोशल मीडिया पर रोजाना नई नई सूचियां जारी हो रही है। जिनमें अलग अलग नेताओं के समर्थक उन्हें दावेदारों में सबसे ऊपर दिखा रहे हैं। कमाल की बात तो ये है कि सूची विरोधी दावेदारों के हाथ लगने पर प्रतिद्वंद्वी का नाम गायब कर अपने नेता का नाम सबसे ऊपर पहुंचा दिया जाता है। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के दावेदारों के बीच आपस में ही घमासान छिड़ा हुआ है।