क्षेत्र के त्यूणी-चकराता-मसूरी-मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर इन दिनों मरम्मत का काम चल रहा है। लेकिन, मरम्मत का यह कार्य 15 दिन में उखड़ रहा है, इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाने के साथ आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
मुख्यमंत्री के प्रदेश की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने की घोषणा के तुरंत बाद क्षेत्र के त्यूणी-चकराता-मसूरी-मलेथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों को भरने का काम शुरू किया गया था। लेकिन, ग्राम जाड़ी के पास भरे गए गड्ढें 15 दिन में उखड़ गए हैं।
ग्राम प्रधान टीकम सिंह चौहान, जयपाल सिंह, मेजर सिंह, संतराम, दौलत सिंह, रघुवीर सिंह, प्रीतम सिंह, नरेंद्र सिंह आदि ने सड़क की मरम्मत के कार्य में अनियमितता करने का आरोप लोनिवि के एनएच खंड पर लगाया है।
उनका कहना है कि अधिकारियों और ठेकेदार की मिलीभगत से निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग करके सरकारी धन का दुरूपयोग किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य को ठीक ढंग से नहीं कराने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
उधर, राष्ट्रीय राजमार्ग खंड डोईवाला के अधिशासी अभियंता नवनीत पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर पानी की लाइन लीक हो रही है। इससे इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न हुई है। उन्होंने बताया कि जिन जगह मरम्मत के कार्य को नुकसान पहुंचा है उसे दोबारा से ठीक करवाया जाएगा। इसके साथ ही संबंधित ठेकेदार को गुणवत्ता का ध्यान रखने के लिए भी निर्देशित किया गया है।