एवरेस्ट आरोहण पर एक टीवी सीरियल का निर्माण कर रहे बॉलीवुड के प्रख्यात निर्देशक ‘लगान’ फेम आशुतोष गोवारिकर लोकेशन की तलाश में उत्तरकाशी पहुंचे हैं।
इस सीरियल के लिए नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के साथ ही जिले के दयारा आदि कुछ बर्फानी इलाकों में शूटिंग की तैयारी है।
अभी भी संभावनाएं
आपदा के बाद भी सीमांत जनपद उत्तरकाशी में संभावनाएं अभी खत्म नहीं हुई हैं। तभी तो बॉलीवुड के प्रख्यात निर्देशक आशुतोष गोवारिकर यहां अपने टीवी सीरियल के दृश्य फिल्माने की तैयारी कर रहे हैं।
मंगलवार देर शाम उत्तरकाशी पहुंचे आशुतोष ने बुधवार को एनआईएम के प्रधानाचार्य कर्नल अजय कोठियाल के साथ ट्रैनिंग कैंपस और म्यूजियम आदि स्थलों का निरीक्षण किया।
किसी से नहीं मिले
लोकेशन तय करने के बेहद व्यस्त कार्यक्रम के बीच वे किसी से नहीं मिले, लेकिन उनके यहां तक पहुंचने से सीरियल के कई दृश्यों का यहां फिल्मांकन तय माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार आशुतोष एवरेस्ट आरोहण पर एक टीवी सीरियल का निर्माण कर रहे हैं।
सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही शूटिंग के साथ उत्तरकाशी की खूबसूरत लोकेशन टीवी पर नजर आएगी। जानकारों का कहना है कि इससे आपदा के दौरान देश-विदेश में गई उत्तरकाशी की नकारात्मक छवि में निश्चित ही सुधार होगा।