बरसात शुरू होते ही ग्राम सभा रायवाला में प्राकृतिक तालाब और इसके आसपास भूमिगत पानी निकलने लगा है। यहां पर पुनर्वास खंड की जमीन पर भी प्राकृतिक जलस्रोत फूट गए हैं, जिसकी वजह से आडवाणी काॅलोनी में जलभराव हो रहा है। बीते वर्ष बरसात में भी यही स्थिति थी, ऐसे में यहां विस्थापित रौलाकोट गांव के परिवारों के लिए मुसीबत खड़ी हो सकती है।
टिहरी बांध पुनर्वास के तहत टिहरी के रौलाकोट के करीब 109 परिवारों को अप्रैल 2022 में रायवाला में भूमि आवंटित की गई थी। रायवाला के ग्राम प्रधान सागर गिरि ने मुख्यमंत्री को समस्या के समाधान के लिए एक पत्र भेजा है।
पत्र के माध्यम से उन्होंने अवगत कराया कि जमीन के समतलीकरण के दौरान पहाड़ी को काटकर बड़े पैमाने पर किए गए खनन से जमीन के भीतर जल स्रोत फूट गए हैं। इससे रायवाला ग्राम सभा की आडवाणी काॅलोनी समेत आसपास के सैकड़ों घरों में जलभराव हो रहा है, जिसकी वजह से बीते वर्ष प्रशासन को यहां एसडीआरएफ को उतारना पड़ा।
टीम ने नाव की मदद से लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया था । इस बार फिर से जलभराव की स्थिति शुरू हो गई है। भविष्य में भी यह स्थिति बार बार बनेगी। उन्होंने इस समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।
Iसिंचाई विभाग की जमीन पर प्राकृतिक जलस्रोत नहीं है। बल्कि पुनर्वास की जमीन ऊंचाई पर है और आडवाणी काॅलोनी नीचे है। ज्यादा वर्षा होने पर ऊपर का पानी नीचे काॅलोनी में भर जाता है। फिलहाल काॅलोनी में भर रहे पानी की निकासी के लिए मोटर लगाई गई है। इसकी स्थायी व्यवस्था भी की जाएगी। - धीरेंद्र सिंह नेगी, अधिशासी अभियंता पुनर्वास खंडI