राजीव गांधी नवोदय विद्यालय में राज्य स्तरीय कला उत्सव का राज्य के 16 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर शानदार आगाज हुआ। प्रदेश भर से पहुंचे प्रतिभागियों ने रणसिंघा, ढोल, दमाऊ पर लोक नृत्यों के जरिये गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी लोक संस्कृति की छटा बिखेरी।
राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के तहत लोक कलाओं के संरक्षण एवं इसे बढ़ावा दिए जाने को लेकर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ थीम पर आयोजित प्रतियोगिता का शिक्षा महानिदेशक डी सेंथिल पांडियन ने केक काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने अमर उजाला की पहल पर प्रदेश भर में मनाए जा रहे राज्य स्थापना उदय उत्सव को सराहा।
वहीं, बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों की यह प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हो रही हैं, राज्य स्तर पर चयनित टीमें इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करेंगी। लोक नृत्य, गीत, थियेटर और दृश्य कलाएं चार वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के भीतर कलाओं के प्रति रुचि जगाना एवं प्रतिभाओं को आगे लाना है।
समारोह में शिक्षा निदेशक माध्यमिक शिक्षा आरके कुंवर, शिक्षा निदेशक बेसिक शिक्षा सीमा जौनसारी, संयुक्त परियोजना निदेशक शशि चौधरी, अपर निदेशक महावीर बिष्ट, अपर निदेशक एससीईआरटी गीता नौटियाल, एचओडी सीमेट आशा पैन्युली, राजकीय शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह चौहान, प्रांतीय महामंत्री सोहन सिंह माजिला, प्रधानाचार्य आरपी बमोला, दिनेश चंद्र भट्ट आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मोहन सिंह बिष्ट ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायकों में कल्पना बहुगुणा, माधुरी बड़थ्वाल, अजीत सिंह रावत, नरेंद्र शर्मा, वाहिनी देवी, डा.नंद किशोर हटवाल, अनुपमा सिंह, सतीश धौलाखंडी, सावित्री काला, कैलाश ध्यानी, राजकुमार भारती शामिल रहे।