ऋषिकुंड-सजधार ट्रैक पर फंसे दो ट्रैकरों के साथ ही मृतक पर्वतारोही के शव को सेना का 15 सदस्यीय बचाव दल रेस्क्यू कर बृहस्पतिवार को जोशीमठ ले आया।
सेना के जवानों ने करीब सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद पहाड़ी पर फंसे ट्रैकरों को सुरक्षित निकाल लिया। जोशीमठ के नीती घाटी में स्थित ऋषिकुंड-सजधार ट्रैकिंग रूट पर जुआ-ग्वाड़ नामक स्थान पर एक ट्रैकर की पहाड़ी पर चढ़ने के दौरान खाई में गिरकर मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ट्रैकर यहां पहाड़ी पर फंस गए थे।
सूचना मिलने पर प्रशासन ने बुधवार को राजस्व और एनडीआरएफ की टीमों को राहत एवं बचाव के लिए भेजा, लेकिन उपकरणों की कमी के चलते बुधवार को ट्रैकरों को रेस्क्यू नहीं किया जा सका। इसके बाद प्रशासन ने ट्रैकरों को रेस्क्यू करने के लिए सेना से मदद मांगी।
बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे सेना की बचाव टीम जोशीमठ से रवाना हुई। सलधार से दो किमी की पैदल दूरी तय कर टीम सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर पर्वतारोहियों के पास पहुंची।
दोपहर में एक बजकर 20 मिनट पर टीम ने पहाड़ी पर फंसे पर्वतारोही सुधांशु तोमर निवासी विकासनगर और भूपेंद्र वर्मा निवासी हिमाचल प्रदेश को सकुशल रेस्क्यू कर लिया। साथ ही पहाड़ी से फिसलकर जान गंवाने वाले 29 वर्षीय योगेश नयाल निवासी बिठौरिया (हल्द्वानी) के शव को खाई से निकाल कर जोशीमठ लाया गया। पहाड़ी पर फंसे पर्वतारोहियों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ में भर्ती कराया गया है।
डॉ. शालिनी पाल ने दोनों के परीक्षण के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई है। एसडीएम योगेंद्र सिंह ने बताया कि ऋषिकुंड-सजधार पैदल ट्रैक पर फंसे ट्रैकरों को सेना की मदद से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। मृतक पर्वतारोही के शव को जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।