हरिद्वार में 19 नवंबर से शुरू हो रही नेशनल बाक्सिंग चैंपियनशिप में वर्ल्ड क्लास बाक्सिंग देखने को मिलेगी। चैंपियनशिप में अर्जुन अवार्डी और वर्ल्ड की दूसरे नंबर की खिलाड़ी कविता चहल हरियाणा की ओर से हिस्सा लेंगी। कविता भारत की ऐसी तीसरी महिला खिलाड़ी हैं, जिन्हें बाक्सिंग में अर्जुन अवार्ड मिला है।
आठ बार की नेशनल चैंपियन कविता 19 नवंबर से 24 नवंबर तक हरिद्वार में होने वाली नेशनल बाक्सिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। बाक्सिंग प्रतियोगिता के लिए खेल विभाग से नोडल अधिकारी धर्मेंद्र भट्ट ने बताया कि चैंपियनशिप में कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हिस्सा ले रही हैं।
वर्ल्ड बाक्सिंग में दूसरी नंबर की खिलाड़ी और हरियाणा पुलिस में इंस्पेक्टर कविता प्रतियोगिता में हरियाणा की ओर से हिस्सा लेंगी। उन्होंने प्रतियोगिता के लिए हामी भर दी है। उन्होंने बताया कि कविता तीसरी बार उत्तराखंड में होने वाली नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगी। कविता चैंपियनशिप को लेकर काफी उत्साहित हैं।
धर्मेंद्र भट्ट ने बताया कि इससे पहले 2006 में नैनीताल में हुई आल इंडिया वूमेन सीनियर बाक्सिंग चैंपियनशिप में कविता ने स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद 2013 में 14वीं सीनियर वूमेन नेशनल बाक्सिंग चैंपियनशिप में उन्होंने गोल्ड हासिल किया था।