देहरादून। केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) ने देहरादून चिड़ियाघर में ग्वालियर चिड़ियाघर से सफेद बाघ लाने की अनुमति प्रदान कर दी है। इसके बाद वन महकमा सफेद बाघ को लाने की कोशिश में जुट गया। वन विभाग का प्रयास है कि इसे वन्यजीव सप्ताह से पहले लाया जाए।
देहरादून चिड़ियाघर में सफेद बाघ लाने की कोशिश काफी समय से चल रही है। इसको लेकर ओडिशा के नंदन कानन में भी बातचीत हुई। अब वन्यजीवों के एक्सचेंज के तहत ग्वालियर चिड़ियाघर से सफेद बाघ को देहरादून चिड़ियाघर लाने की अनुमति मिल गई है, इसके बदले उत्तराखंड वन विभाग ग्वालियर चिड़ियाघर को राज्य में मिलने वाला पीला धारीदार बाघ देगा। प्रमुख वन संरक्षक वन्यजीव नीना ग्रेवाल ने सीजेडए से अनुमति मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि बाघ को लाने के लिए आवश्यक कार्यवाही शुरू की गई है। देहरादून वन प्रभाग के डीएफओ व चिड़ियाघर निदेशक वैभव सिंह ने बताया कि दून चिड़ियाघर में सफेद बाघ के लिए बाड़ा है। बाघ को लाने के लिए कुछ औपचारिकता को पूरा किया जाना है। प्रयास है कि आगामी वन्यजीव सप्ताह से पहले इसे लाया जा सके।