देहरादून। समाज कल्याण विभाग की ओर से विश्व दिव्यांग दिवस पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे दिव्यांगों को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए पात्र लोगों से 26 सितंबर तक आवेदन मांगे गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि तीन दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में चयनित प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाने हैं। घिल्डियाल ने बताया कि आवेदन के साथ दिव्यांगता प्रमाणपत्र, नवीनतम फोटो, विस्तृत बायोडाटा, विशेष उपलब्धियों से संबंधित अभिलेख और संस्तुति प्रस्तुत करनी होगी। आवेदक को 10 रुपये के स्टांप पर शपथपत्र भी देना होगा कि उसे पूर्व में किसी राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित नहीं किया गया है। आवेदकों को निर्धारित प्रारूप में आवेदन और सभी जरूरी दस्तावेज तीन मूल प्रतियों में तैयार करने होंगे। आवेदन जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में 26 सितंबर तक जमा किए जा सकेंगे।