फरवारी माह में 20 दिन बीत जाने के बावजूद डीलरों को गोदाम से एपीएल कार्ड धारकों के लिए चावल का आवंटन नहीं हुआ है। इससे राशन कार्ड धारकों को परेशानी हो रही है। हालांकि, गोदाम के वरिष्ठ निरीक्षक ने दावा किया कि शुक्रवार से चावल का आवंटन शुरू कर दिया गया है।
महीने के पहले हफ्ते में डीलरों को राशन आवंटित किए जाने का प्रवाधान है, लेकिन इस माह राज्य खाद्य योजना से जुड़े कार्ड धारकों के लिए गोदाम से चावल का आवंटन नहीं हुआ।
इसके कारण उपभोक्ताओं और डीलरों में रोष है। सरकारी सस्ता गला विक्रेता परिषद के अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि अभी तक गोदाम से एपीएल कार्ड धारकों के लिए चावल का आवंटन नहीं हुआ है। इसकी वजह से रोजाना उपभोक्ताओं को दुकान से खाली हाथ वापस जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि गोदाम से डीलरों को हर हाल में माह के पहले सप्ताह तक राशन का आवंटन होना चाहिए। ताकि डीलर समय से लाभार्थियों को राशन वितरित कर सकें। वहीं वरिष्ठ विपणन अधिकारी कैलाशचन्द्र पांडेय ने कहा कि शुक्रवार से चावल का आवंटन शुरू हो गया है।