लालपुल के पास स्कूटी की टक्कर के बाद शुरू हुए विवाद में एक युवक को कथित तौर पर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। घंटों यातनाएं दी गईं। इस बहुचर्चित मामले में दून पुलिस ने फरार चल एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी अंकुर वाल्मीकि को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, जाखन कैनाल रोड निवासी आजाद रावत ने चार जुलाई को पटेलनगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि तीन जुलाई की रात करीब आठ बजे लालपुल के पास उसे अंकुर वाल्मीकि ने स्कूटी से टक्कर मार दी। इस दौरान अंकुर का मोबाइल सड़क पर गिरकर टूट गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद अंकुर ने अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर आजाद रावत को जबरन बंधक बना लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए अमानवीय व्यवहार किया। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में जानलेवा हमले की धारा भी बढ़ाई। छह जुलाई को मुख्य आरोपी अंकुर वाल्मीकि को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को घटना में मुकुल उर्फ बाजीगर की संलिप्तता के भी साक्ष्य मिले। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की और मुखबिर की सूचना पर 12 जुलाई को विशाल मेगामार्ट के पीछे, न्यू पटेलनगर क्षेत्र से उसे गिरफ्तार कर लिया। बाजीगर विशाल मेगामार्ट के पीछे पटेलनगर का ही रहने वाला है। थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।