अपने परिजनों के साथ बिहार में जज बनने वाले देहरादून के अनूप रावत
दून के अनूप रावत का बिहार में जज बनने पर अभिनंदन किया गया। उन्होंने बिहार की 30वीं न्यायिक सेवा में 120वां स्थान हासिल किया है। इन दिनों ग्राफिक एरा विवि में असिस्टेंट प्रोफेसर अनूप ने डीएवी से एलएलबी व ओपन यूनिवर्सिटी से एलएलएम किया है।
अलकनंदा एसोसिएशन ने रविवार को उनका अभिनंदन किया। अनूप ने वर्ष 2008 में एमसीए करने के बाद नौकरी छोड़कर 2015 में डीएवी पीजी कॉलेज से एलएलबी करने के बाद ओपन विवि से एलएलएम किया था। मौजूदा समय में यूजीसी नेट क्वालीफाई करने के बाद स्कूल ऑफ लॉ ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर अपनी सेवा दे रहे हैं। बताया कि उन्होंने यह सफलता बगैर किसी कोचिंग के हासिल की है। इससे पहले वह सहायक जिला एटार्नी परीक्षा 2017, उत्तर प्रदेश सिविल जज परीक्षा 2018, मध्य प्रदेश सिविल जज परीक्षा 2018 एवं राजस्थान सिविल जज परीक्षा 2018 के साक्षात्कार में सफल रहे थे। अनूप मूलरूप से पौड़ी गढ़वाल के देवशाल पट्टी कटूलस्यू के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ ही टिहरी के वरिष्ठ प्रशासनिक अफसर पंकज शुक्ला व वरिष्ठ अधिवक्ता योगेश कंडवाल को दिया है।